Hin Dict_ai1 - हिंदी शब्दकोश - ऐ1

हिंदी वर्णमाला का स्वर वर्ण। उच्चारण की दृष्टि से यह निम्नतर-मध्य, अग्र, अगोलित, दीर्घ स्वर है, जैसे- बैल। '' के पूर्व संध्यक्षर [अइ] के रूप में भी उच्चरित होता है, जैसे- भैया, गैया, ऐयाश। कुछ शब्दों में इसका उच्चारण [अय्] भी है, जैसे- ऐतिहासिक।
ऐं [अव्य.] 1. एक आश्चर्यसूचक शब्द; उत्सुकतासूचक अव्यय 2. बात को ठीक से न सुन पाने का संकेत देने के लिए प्रयोग किया जाने वाला शब्द।
ऐंकर (इं.) [सं-पु.] किसी मनोरंजन आधारित या परिचर्यात्मक कार्यक्रम का संचालक; प्रस्तोता; प्रस्तुतकर्ता।
ऐंगल (इं.) [सं-पु.] शूट के दौरान कैमरे के अलग-अलग कोण।
ऐंग्लोइंडियन (इं.) [सं-पु.] एशियाई एवं यूरोपीय दंपत्ति की संतान; ऐसा व्यक्ति जिसके माता-पिता में से एक ब्रिटिश हो और एक भारतीय; आंग्ल-भारतीय।
ऐंचना [क्रि-स.] 1. खींचना; तानना 2. बलपूर्वक कोई चीज़ अपनी ओर खींचना 3. अनाज को साफ़ करने के लिए सूप आदि में फटकना।
ऐंचाताना [वि.] जिसकी दोनों आँखों की पुतलियों में सामंजस्य न हो (व्यक्ति); दोनों पुतलियाँ भिन्न-भिन्न दिशाओं में देखती हों; भेंगा।
ऐंचीला [वि.] 1. खींचा जा सकने वाला 2. लचीला 3. खींचे जाने योग्य।
ऐंटी एयरक्राफ़्ट (इं.) [वि.] (ऐसी तोप या प्रक्षेपास्त्र) जो हवा में उड़ते विमानों को मार गिराए; विमानभेदी।
ऐंटी-क्लॉक (इं.) [सं-पु.] घड़ी की विपरीत दिशा में; दक्षिणावर्त।
ऐंटीबायोटिक (इं.) [सं-पु.] जीवाणुरोधी रसायन; प्रतिजैविक अर्थात सूक्ष्म जीवों का विनाश करने वाली औषधि। [वि.] जीवाणुरोधी; प्रतिजैविक।
ऐंटेना (इं.) [सं-पु.] (रेडियो, दूरदर्शन आदि में) तरंगों को भेजने या पकड़ने (प्रेषण या अभिग्रहण) के लिए प्रयुक्त तार 2. चींटी आदि कई छोटे जीवों में नाक के पास से आगे को निकले हुए बाल जैसे सूक्ष्म अंग जो आस-पास से संवेदन ग्रहण करते हैं।
ऐंठ [सं-स्त्री.] 1. ऐंठने की क्रिया या भाव 2. अकड़; ठसक; गर्व; घमंड 3. द्वेष; विरोध; हठ; दुराग्रह।
ऐंठन [सं-स्त्री.] 1. ऐंठने की अवस्था या भाव 2. किसी वस्त्र, कागज़ आदि को कसकर मरोड़ने या बल देने से बनी स्थिति 3. मरोड़; बल; घुमाव 4. लपेट; पेंच।
ऐंठना [क्रि-स.] 1. घुमाव देना; बल देना; मरोड़ना 2. तानना; खींचना; कसना 3. दबाव डालकर पैसे वसूल करना। [क्रि-अ.] 1. बल खाना; पेंच खाना 2. अकड़ना; तनना।
ऐंठू [वि.] 1. अकड़बाज़; घमंड दिखाने वाला 2. दूसरों का माल ऐंठने वाला।
ऐंड़ [सं-पु.] 1. गर्व; ऐंठ; शान; घमंड; शेख़ी 2. पानी का भँवर। [वि.] 1. रद्दी; निकम्मा 2. जो डूब गया हो या वसूल न हो सके (धन)।
ऐंड़ना [क्रि-अ.] 1. बदन तोड़ना; अँगड़ाना; ऐंठना 2. इतराना 3. सूख कर कड़ा पड़ जाना। [क्रि-स.] बल देना; ऐंठना।

ऐंड़ा [सं-पु.] 1. बटखरा या बाट जो वज़न तौलने के लिए तराजू के साथ प्रयुक्त होता है 2. सेंध। [वि.] 1. ऐंठा हुआ या अकड़ा हुआ 2. टेढ़ा या तिरछा 3. अहंकारी।
ऐंड़ाना [क्रि-अ.] 1. ऐंठ दिखाना 2. अँगड़ाई लेना 3. इतराना।
ऐंड़ा-बैंड़ा (सं.) [वि.] 1. जो अपनी ठीक स्थिति में न हो 2. उलटा-पुलटा; आड़ा-तिरछा 3. ऊटपटाँग; अंडबंड।
ऐंदव (सं.) [वि.] इंदु अर्थात चंद्र संबंधी। [सं-पु.] 1. चंद्र मास 2. मृगशिरा नामक नक्षत्र 3. चंद्रायण व्रत।
ऐंद्र (सं.) [वि.] इंद्र से संबंधित। [सं-पु.] 1. इंद्र का पुत्र; जयंत; अर्जुन 2. ज्येष्ठा नक्षत्र 3. इंद्र का यज्ञांश।
ऐंद्रजालिक (सं.) [वि.] इंद्रजाल या सम्मोहन द्वारा किए गए जादू से संबंधित; इंद्रजाल द्वारा जादू दिखाने वाला।
ऐंद्रि (सं.) [सं-पुं] 1. इंद्र का पुत्र; जयंत; अर्जुन 2. कौवा।
ऐंद्रिय (सं.) [वि.] 1. इंद्रियों से संबंध रखने वाला; विषयी 2. इंद्रिय ग्राह्य; जिसका अनुभव इंद्रियों से हो सके 3. ज्ञानेंद्रियों का विषय।
ऐंद्री (सं.) [सं-स्त्री.] 1. दुर्गा का एक नाम 2. इंद्र-पत्नी; शची 3. इंद्र की स्तुति से संबंधित वैदिक मंत्र (ऋचा) 4. पूर्व दिशा 5. छोटी इलायची 6. एक प्रकार की ककड़ी।
ऐंपियर (इं.) [सं-पु.] विद्युत धारा की शक्ति मापने की इकाई या यूनिट।
ऐंप्लिफ़ाइअर (इं.) [सं-पु.] ध्वनिवर्धक तथा विस्तारक यंत्र; आवाज़ को दूर तक गुँजाने वाला यंत्र।
ऐंबार्गो (इं.) [सं-पु.] 1. प्रतिबंध या रोक 2. दूसरे देश से व्यापार पर रोक लगाने का शासनादेश 3. किसी समाचार को निर्धारित तिथि पर न छापने का आदेश।

ऐंबुलेंस (इं.) [सं-स्त्री.] घायल एवं मरीज को अस्पताल पहुँचाने वाली गाड़ी।